श्रीलंकाई राष्ट्रपति का राष्ट्रपति भवन में हुआ औपचारिक स्वागत, पीएम मोदी ने की अगवानी
श्रीलंका में सत्ता की बागडोर संभालने के बाद भारत दौरे पर आए नवनियुक्त राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे का आज दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया गया। इस दौरान पीएम मोदी ने उनकी अगवानी की। उन्होंने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से भी मुलाकात की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रीलंकाई राष्ट्रपति के साथ द्विपक्षीय वार्ता के बात संयुक्त वक्तव्य जारी करते हुए कहा कि श्रीलंका के राष्ट्रपति गोतबाया राजपक्षे) को दिया गया जनादेश एक मजबूत देश के लिए श्रीलंका के लोगों की महत्वाकांक्षाओं की अभिव्यक्ति है। एक मजबूत श्रीलंका न केवल भारत के हित में है, बल्कि पूरे हिंद महासागर क्षेत्र के हित में भी है।
उन्होंने कहा कि श्रीलंका और भारत एक मजबूत साझीदार हैं। हम अपनी 'नेबरहुड फर्स्ट' नीति के तहत श्रीलंका के साथ अपने संबंधों को प्राथमिकता देते हैं। भारत ने हमेशा आतंकवाद की निंदा की है और लड़ाई लड़ी है। आतंकवाद से लड़ने के लिए भारत श्रीलंका को 50 मिलियन डॉलर का ऋण दे रहा है।
पीएम मोदी ने कहा कि श्रीलंकाई अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए भारत 400 मिलियन डॉलर का लाइन क्रेडिट भी देगा। भारतीय आवास परियोजना के तहत श्रीलंका में 46,000 घर पहले ही बन चुके हैं जबकि 14,000 घर भविष्य में तमिल मूल के लोगों के लिए बनाए जाएंगे। इसके अलावा श्रीलंका को सौर परियोजनाओं के लिए भारत ने 100 मिलियन डॉलर की क्रेडिट लाइन दी है।
प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि हमने श्रीलंका में सुलह पर अपने विचारों का आदान-प्रदान किया। राष्ट्रपति राजपक्षे ने मुझे जातीय सद्भाव पर अपने समावेशी राजनीतिक दृष्टिकोण के बारे में बताया। मेरा मानना है कि श्रीलंका सरकार तमिलों की समानता, न्याय, शांति और सम्मान की महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने के लिए सुलह की आगे की प्रक्रिया अपनाएगी।
वहीं श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे ने कहा कि हम हिरासत में ली गईं भारतीय नौकाओं को छोड़ने के लिए कदम उठाएंगे।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद श्रीलंका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति के सम्मान में औपचारिक भोज का आयोजन करेंगे। बता दें कि गोटबाया राजपक्षे गुरुवार को अपनी पहली आधिकारिक विदेश यात्रा पर तीन दिन के लिए भारत पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर भारत आए राष्ट्रपति राजपक्षे का केंद्रीय मंत्री वीके सिंह ने एयरपोर्ट पर स्वागत किया।
राजपक्षे के सचिव पीबी जयसुंदर और प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे के सलाहकार ललित वीरतुंगा भी उनके साथ यहां आए हैं। भारत ने भी नई श्रीलंकाई सरकार के साथ मिलकर काम करने की इच्छा जताई है। गोटबाया के राष्ट्रपति बनने के तुरंत बाद पीएम मोदी ने ट्वीट कर उन्हें शुभकामना दी थी।
राष्ट्रपति गोटबाया की यात्रा के विरोध में मारूमलार्ची द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एमडीएमके) के नेता वाइको ने गुरुवार को दिल्ली में समर्थकों के साथ प्रदर्शन किया। इसके बाद पुलिस प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन ले गई।